अररिया, रंजीत ठाकुर : जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर संचालित विशेष अभियान की अवधि 30 मई तक बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि अधिक अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के उद्वेश्य से जिले में 26 मई से विशेष अभियान संचालित है। यह अभियान पहले 28 मई तक संचालित होना था। इसकी अवधि विस्तारित कर अब 30 मई कर दी गई है। अभियान के क्रम में जिले के चिन्हित स्थानों पर शिविर लगा कर पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। अभियान के क्रम में बीते 28 मई तक जिले में 36 हजार 260 आयुष्मान कार्ड बनाये गये थे। जबकि शिविर के चौथे दिन गुरुवार 09 हजार 342 कार्ड बनाये जाने की जानकारी है। इस तरह अभियान के क्रम में अब तक कुल 45 हजार 602 कार्ड बनाये जा चुके हैं।
सभी पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाना अभियान का उद्देश्य
जिला प्रशासन अभियान के क्रम में अधिक से अधिक लोगों का कार्ड बनाने की मुहिम में जुटा है। जिलाधिकारी अनिल कुमार द्वारा नियमित रूप से अभियान की समीक्षा की जा रही है। जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गयी है। जिलाधिकारी अनिल कुमार ने बतायाा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से गरीब व जरूरतमंद लोगों को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराया जाता है। अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना लाभ से वंचित नहीं रहे इसे लेकर जिला प्रशासन मुस्तैदी से जुटा है।
सभी पात्र लाभुक बनायें अपना कार्ड
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद लाभुक नजदीकी अस्पतालों में योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। विशेष अभियान की सफलता जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज सहित संबंधित सभी विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके। वैसे सभी पात्र लाभुक जिन्होंने अब तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया है। उनसे निकटतम शिविर में जाकर कार्ड बनाने व इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाने की अपील उन्होंने की।
