फुलवारी शरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ में एक ही रात चोरों ने तीन मंदिरों में धावा बोल लोगों के आस्था के साथ खिलवाड़ करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बेखौफ चोरों ने फुलवारी शरीफ डीएसपी ऑफिस के सटे हुए सूर्य मंदिर में चोरी की वारदात कर पुलिस भारती की पोल खोल दी.चोरों ने सूर्य मंदिर के वेंटिलेशन को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और भगवान के शरीर पर पहनाए हुए जेवर एवं दान पेटी तोड़कर उसमें रखे दान के रुपए चुराकर फरार हो गए.भगवान के घर चोरों की करतूत आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है. पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में रात्रि के वक्त सुरक्षा गार्ड भी रहते हैं. इसके बावजूद भी चोरों के गिरोह ने इतने बड़े दुस्साहस का परिचय दिया है.
मंदिर के पुजारी रामकुमार तिवारी ने बताया कि सूर्य मंदिर में वेंटिलेशन के द्वारा अंदर प्रवेश कर सूर्य भगवान के गले में से सोने का लॉकेट एवं हाथ के कंगन को चोरी कर लिया. इसके बाद तालाब के बगल में स्थित शिव मंदिर में चोरों ने दान पेटी तोड़ चोरी कर ली. यहां से चोरों का दल फुलवारी शरीफ रेलवे गुमटी के पश्चिमी छोर पर बने शिव मंदिर के पास पहुंचा और वहां शंकर भगवान के हाथ का त्रिशूल तोड़ दिया. इसके बाद दान पेटी तोड़ने का प्रयास किया गया लेकिन दान पेटी नहीं टूट पाया.
ठंड में आमजनता को गश्ती कर सुरक्षा मुहैया कराने के बजाए दुबक कर सोए रहने वाली पुलिस अब सीसीटीवी के सहारे चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है. वहीं घटना के बाद इलाके के श्रद्धालु भक्तों में आक्रोश का माहौल है.स्थानीय लोग ऐसे चोरों को पकड़ कर कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं. साथ ही साथ पुलिस टीम से आग्रह किया है कि पकड़े जाने पर ऐसे चोरों का चेहरा सार्वजनिक रूप से आम जनता को दिखाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे लोगों को समाज से बहिष्कृत किया जा सके.सूर्य मंदिर एवं शिव मंदिर के अलावा रेलवे क्रासिंग के पास वाले शिव मंदिर में रात्रि में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है.
