फुलवारीशरीफ, अजित। सत्तार मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, फुलवारी शरीफ, पटना में दिनांक 07.04.2026 को दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) की बिहार शाखा द्वारा सफलतापूर्वक कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया. यह पहल विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
दक्षेस बिहार एक अंतरदेशीय संस्था है, जो संयुक्त राष्ट्र के तर्ज पर कार्य करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास एवं कौशल उन्नयन जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कल्याणकारी परियोजनाओं का संचालन कर रही है. इसी क्रम में विभिन्न लोक परियोजनाओं के तहत रिक्त पदों की पूर्ति के लिए इस कैंपस प्लेसमेंट इंटरव्यू का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन दक्षेस बिहार के कार्यक्रम पदाधिकारी राजकुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया. इस अवसर पर कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की समन्वयक ताहेरा खातून, राकेश कुमार एवं अरविंद कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही. उनके प्रयासों से कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन संभव हो सका। कैंपस इंटरव्यू में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कई छात्रों का चयन विभिन्न पदों पर किया गया. चयनित छात्रों में अंकित झा, फरहीन जमाल, अनुप्रिया, कुंदन दुबे, प्रभाकर, सोनू राज, विशाल कुमार, पूजा एवं शाहनवाज शामिल हैं. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा दक्षेस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
