अररिया, रंजीत ठाकुर। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2023 के आयोजन को लेकर आज समाहरणालय स्थित आत्मन सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीमती इनायत खान की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, अररिया ने बताया कि कला संस्कृत एवं युवा विभाग बिहार पटना तथा जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन दिनांक 14 एवं 15 सितंबर 2023 को टाउन हॉल अररिया में किया जाएगा। इस क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव हेतु पहले प्रखंड स्तर पर प्रतिभागी चयनित करें।
इसके लिए प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। इसमें विद्यालय, कॉलेज सरकारी एवं गैर सरकारी, मदरसा, संस्कृत विद्यालय, निजी कला संस्थान एवं अन्य कोई भी प्रतिभागी जिनकी आयु 15 से 35 वर्ष तक है, प्रखंड स्तर पर चयन प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव में विधाओं के नाम क्रमश: 1. समूह लोक नृत्य, 2. समूह गायन/ लोकगीत एकल/ लोकगाथा, 3. लघु नाटक (वन-ऐक्ट प्ले) अग्रेजी या हिन्दी, 4. शास्त्रीय गायन (एकल), 5. शास्त्रीय वाद्य वादन (एकल), 6. हारमोनियम (सुगम), 7. शास्त्रीय नृत्य, 8. चित्रकला, मूर्तिकला, हस्तशिल्प, छायाचित्र 9. वक्तृता हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री संजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजकुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री शैलेश चंद्र दिवाकर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती सोनी कुमारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता फारबिसगंज सुश्री अंकिता कुमारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा मो० आकिफ वक्कास एवं संबंधित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित शारीरिक शिक्षक एवं संगीत शिक्षक उपस्थित थे।
