अररिया, रंजीत ठाकुर सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर सोनार पट्टी वार्ड संख्या 3 में मकई के खेत में पशु चले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे स्थानीय लोगों व परिजनों के सहयोग से आनन-फानन में सदर अस्पताल अररिया लाया गया। जहां चिकित्सक के द्वारा गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो व्यक्ति का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। मृतक की पहचान मिर्जापुर सोनार पट्टी वार्ड संख्या तीन निवासी स्वर्गीय यूनुस के 52 वर्षीय बेटे मोहम्मद अशफाक के रूप में की जा रही है जबकि गंभीर रूप से घायल एहतेशाम गाजी व इश्तियाक का इलाज किया जा रहा है।
मामले को लेकर जानकारी देते हुए मृतक मोहम्मद अशफाक के भतीजे एहतेशाम ने बताया कि रविवार की देर शाम परोस के ही अफाक का बकरी उनके मकई के खेत में जा कर फसल खा रहा था। इसी बात को कहने वह अफाक के पास गए कि हमारा मकई क्यों चरा दिए, इसी बात को लेकर अफाक ने अपने भाईयो के साथ मिलकर लाठी, भाला, रड लेकर मारपीट करने लगे, मारपीट की जानकारी मिलते ही उनके भाई अशफाक और बेटा एहतेशाम गाजी पहुंचे इसके बाद अफाक के द्वारा उनके भाई और बेटे के साथ भी मारपीट की गई।
जिससे वह तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सिमराहा थाना पुलिस ने मृतक अशफाक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया, जहां शव का पोस्टमार्टम करा के मृत व्यक्ति के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। वहीं मामले को लेकर फारबिसगंज डीएसपी मुकेश कुमार साह ने बताया कि मामले में कांड दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
