पटना, (न्यूज क्राइम 24) विकलांग अधिकार मंच बिहार के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नें बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलकर दिव्यांगता संबंधित आग्रह पत्र सौंपा हैं।मंच के रवि कुमार चौधरी, संयुक्त सचिव ने बताया कि राज्य में दिव्यांगता के विभिन्न मुद्दों पर राज्यपाल से मिलकर प्रतिनिधिमंडल नें उन्हें सभी बिन्दुवार विस्तृत से चर्चा की हैं।
जिसमे बिहार के सभी दिव्यांगजनों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि रु. 400/- मासिक को अन्य राज्यों की भांति बढ़ाने की आवश्यकता है। राज्य के सभी दिव्यांगजनों के साथ अविवाहित व्यस्क दिव्यांगजनों को भी राशन कार्ड बनाने की आवश्यकता है तथा प्रति परिवार मुफ्त 35 किलो अनाज देने की आवश्यकता है।
राज्य के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक दिव्यांगजनों को सभी विश्वविद्धालयों के शैक्षणिक व तकनीकी शिक्षा में मुफ्त नामांकन और मुफ्त वार्षिक शिक्षण शुल्क आदि करने की आवश्यकता है। राज्य के दिव्यांगजनों को राज्य के सभी सरकारी विभागों के बहाली में नि:शुल्क आवेदन करने और जातिवर्ग के अपेक्षा दिव्यांगता वर्ग में अधिक कटऑफ (Cutoff) नहीं रखने तथा जातिवर्ग से भी बहाल करने की आवश्यकता है। राज्य के बेरोजगार दिव्यांगजनों को अपने जीविकोपार्जन करने हेतु एक मुश्त अनुदान देने की आवश्यकता है।
मंच के उप सचिव रंजीत कुमार ने बताया कि राज्यपाल ने आग्रह पत्र के सभी बिन्दुओं पर राज्य सरकार से चर्चा कर उचित समाधान करने की बात कही है। प्रतिनिधिमंडल में मंच सचिव दीपक कुमार, संयुक्त सचिव रवि कुमार चौधरी, उप सचिव रंजीत कुमार, खुशबू कुमारी और रजनीश कुमार शामिल थे।
