बिहार

लापता 12 वर्षीय शीशम कुमारी की तलाश में भटक रहा परिवार, अब तक उसका पता नहीं चल सका

फुलवारीशरीफ, अजीत। खेमनीचक इलाके से 14 सितंबर से 12 वर्षीय शीशम कुमारी लापता है. परिजनों के अनुसार बच्ची घर के पास खेल रही थी, इसी दौरान अचानक गायब हो गई. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है. परिजन लगातार उसे रामकृष्ण नगर, अगमकुआं, परसा बाजार, दीदारगंज, पुल-पुलिया और गायघाट समेत कई इलाकों में तलाश कर चुके हैं।

परिजनों ने बताया कि बच्ची मानसिक रूप से कमजोर है और वह मम्मी, पापा, दीदी और बाबू जैसे कुछ शब्द ही बोल पाती है. बच्ची के लापता होने के बाद से उसकी मां की तबीयत भी खराब है और वह तनाव में है. परिवार का कहना है कि 15 सितंबर को रामकृष्ण नगर थाने में जाकर पुलिस को बच्ची के लापता होने की सूचना दी थी. परिजनों के अनुसार उन्हें पुलिस की ओर से बच्ची की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें लिखना-पढ़ना नहीं आता और उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि गुमशुदगी या प्राथमिकी की प्रक्रिया कैसे पूरी की जाती है. उन्होंने बताया कि थाने में सूचना देने के बाद भी उनके पास आवेदन या प्राथमिकी की कोई प्रति नहीं है. अगमकुआं थाने में भी उन्होंने बच्ची के बारे में जानकारी दी, जहां से उन्हें रामकृष्ण नगर थाना जाने को कहा गया।

परिवार के साथ स्थानीय समाजसेवी राजकुमार सम्राट ने कहा कि इलाके के गरीब और अशिक्षित लोग अक्सर थाने तक अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं होती. ऐसे लोगों को पुलिस की ओर से आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बच्ची के लापता होने के मामले में परिवार लगातार परेशान होकर उसकी तलाश कर रहा है। परिजनों ने पुलिस से शीशम कुमारी की जल्द तलाश कर उसे बरामद करने की गुहार लगाई है।

Related posts

एम्स गोलंबर से शुरू हुई अनंत सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा

ज्ञानेश कुमार को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ : राजेश राम

किला घाट से देसी शराब बरामद, दो गिरफ्तार!

error: