फुलवारीशरीफ, अजीत। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के कायाकल्प कार्यक्रम के तहत सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी), रांची की तीन सदस्यीय पीयर असेसमेंट टीम ने 6 और 7 अक्टूबर को एम्स पटना का व्यापक निरीक्षण किया. दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुविधाओं, अस्पताल के रखरखाव और संबंधित दस्तावेजों का कायाकल्प के निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन किया।
पीयर असेसमेंट टीम में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सपना कुमारी, मनोचिकित्सा विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव और मेडिकल सोशल सर्विसेज ऑफिसर डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह शामिल थे. टीम का समन्वय एम्स पटना के कायाकल्प कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत सिन्हा ने किया।
निरीक्षण के दौरान एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, उप निदेशक प्रशासन नीलोत्पल बल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों ने मूल्यांकन टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए निरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग किया।
टीम ने ओपीडी, आईपीडी, सेंट्रल लैबोरेटरी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सीएसएसडी, इमरजेंसी, अस्पताल की रसोई और हर्बल गार्डन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई के साथ संक्रमण नियंत्रण, जैव चिकित्सा कचरे के उचित प्रबंधन, अस्पताल की सुविधाओं के रखरखाव और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।
पीयर असेसमेंट टीम ने विभिन्न विभागों में रखे रिकॉर्ड, रजिस्टर और आवश्यक दस्तावेजों की भी समीक्षा की. अधिकारियों के अनुसार कायाकल्प मूल्यांकन का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों के अनुकूल सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देना है।
