बिहार

ससुराल में दो बहनों से मारपीट, एक की मौत, दूसरी गंभीर, सास हिरासत में

फुलवारीशरीफ, अजीत। भूसौला दानापुर के पोखर मोहल्ले में सोमवार शाम एक ही ससुराल में रह रही दो सगी बहनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में बड़ी बहन रूपा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी, जबकि छोटी बहन रिंकी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दोनों बहनों के साथ मारपीट करने और रूपा की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने रूपा की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि देवर समेत ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका के भाई राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम महुआ बाग स्थित मायके में सूचना मिली कि भूसौला दानापुर में रूपा और रिंकी के साथ ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं. सूचना मिलते ही मायके के लोग ससुराल पहुंचे. वहां रूपा कुमारी घर में मृत पड़ी मिली, जबकि रिंकी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में मिली. रिंकी के शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं. पुलिस और मायके वालों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

राहुल कुमार के अनुसार रूपा कुमारी की शादी करीब दस वर्ष पहले भूसौला दानापुर निवासी दीपू कुमार से हुई थी. रूपा के दो बेटियां और एक छोटा बेटा है. वहीं, उसकी छोटी बहन रिंकी कुमारी की शादी करीब छह वर्ष पहले दीपू के भाई सूरज कुमार से हुई थी. इस तरह दोनों सगी बहनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी।

मृतका के भाई का आरोप है कि घटना के दौरान रूपा के देवर ने उसके साथ मारपीट की थी. मायके वालों ने सूरज, उसके भाई सुजीत, सास समेत ससुराल के अन्य लोगों पर दोनों बहनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मारपीट के दौरान ही रूपा की मौत हुई. हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका अभी पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद ससुराल के कई सदस्य घर छोड़कर फरार हो गये. पुलिस ने रूपा की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. उससे घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था, रूपा और रिंकी के साथ किस बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की परिस्थितियां क्या थीं, इस संबंध में जानकारी ली जा रही है. पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।

इधर, रूपा की मौत को लेकर उसके मायके में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के छोटे-छोटे बच्चे भी घटना के बाद रोते हुए नजर आये. पुलिस ने बच्चों से भी घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया है. हालांकि बच्चे काफी छोटे होने के कारण उनके कथन को जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के साथ देखा जा रहा है।

सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया. फोरेंसिक टीम ने घर के अंदर और आसपास से आवश्यक साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति, शरीर पर मिले चोट के निशान और अन्य परिस्थितियों को जांच के दायरे में रखा है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय घर में कौन-कौन लोग मौजूद थे और मारपीट कब शुरू हुई।

थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि महुआ बाग में मायके वालों को सूचना मिली थी कि भुसौला दानापुर में उनकी दोनों बेटियों के साथ ससुराल पक्ष के लोग मारपीट कर रहे हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. वहां रूपा कुमारी का शव मिला, जबकि रिंकी घायल अवस्था में मिली, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. रूपा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

रूपा कुमारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर लगी चोटों की प्रकृति स्पष्ट होने की उम्मीद है. इसके अलावा एफएसएल जांच से घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी. घायल रिंकी कुमारी का बयान भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होगा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना के पहले और बाद में घर से कौन-कौन लोग निकले, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच, घायल रिंकी के बयान, मृतका के मायके वालों के आरोप और अन्य साक्ष्यों को मिलाकर मामले की वास्तविकता सामने लायी जाएगी. जांच के आधार पर फरार ससुराल वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

पुलिस छापेमारी के दौरान मची भगदड़, पुनपुन नदी में कूदे लोग, दो की मौत!

बायीं कनपटी में लगी गोली, दायीं कनपटी से निकली, एफएसएल खोलेगा मौत का राज

सकरैचा में एक साल से कचरा उठाव बंद, दुर्गंध से लोग परेशान

error: