बिहार

सकरैचा में एक साल से कचरा उठाव बंद, दुर्गंध से लोग परेशान

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ प्रखंड की सकरैचा पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित नूरमोईउद्दीनपुर में करीब एक साल से घरेलू कचरे का उठाव नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. शिवनगर बांध के पास पुनपुन स्टैंड के समीप जगह-जगह कचरे का ढेर जमा है. कचरे से निकल रही दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले पांच वर्षों में करीब छह माह तक ही नियमित रूप से घरेलू कचरे का उठाव हुआ. इसके बाद व्यवस्था धीरे-धीरे बंद हो गई और पिछले करीब एक वर्ष से कचरे का उठाव पूरी तरह ठप है. वार्ड का इलाका शहरी क्षेत्र जैसा विकसित होने के कारण कचरा फेंकने के लिए लोगों के पास कोई वैकल्पिक स्थान भी नहीं है. ऐसे में घरों से निकलने वाला कचरा सड़क किनारे और खाली जगहों पर जमा हो रहा है।

पटना महानगर के सचिव व पूर्व मुखिया संतोष सिंह ने कहा कि कुछ ही दिनों में नवरात्र, दीपावली और छठ महापर्व शुरू होने वाले हैं. पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होगी. ऐसे में अगर समय रहते कचरे का उठाव नहीं कराया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने पर इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से की जाएगी। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने समस्या की जानकारी होने की बात कही. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही कचरा उठाव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Related posts

पुलिस छापेमारी के दौरान मची भगदड़, पुनपुन नदी में कूदे लोग, दो की मौत!

बायीं कनपटी में लगी गोली, दायीं कनपटी से निकली, एफएसएल खोलेगा मौत का राज

ससुराल में दो बहनों से मारपीट, एक की मौत, दूसरी गंभीर, सास हिरासत में

error: