फुलवारीशरीफ, अजीत। नौबतपुर थाना क्षेत्र के निसरपुरा से 25 सितंबर से लापता 18 वर्षीय युवक दुर्गा कुमार का शव बुधवार को एम्स के नजदीक पैन के पास जंगल से बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
मृतक की पहचान निसरपुरा निवासी राजू नट के पुत्र दुर्गा कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, दुर्गा 25 सितंबर को घर से मुर्गा दुकान में काम करने की बात कहकर निकला था. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद नौबतपुर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।
परिजनों का आरोप है कि दुर्गा को उसका चचेरा भाई राजा नट घर से बुलाकर ले गया था. परिवार के लोगों ने जब राजा से दुर्गा के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि 25 सितंबर की रात सभी लोग एम्स के पास खाना-पीना खाकर छोटी पार्टी कर रहे थे. इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गये. राजा के अनुसार, वह भी अपने घर चला गया था और इसके बाद दुर्गा के साथ क्या हुआ, इसकी उसे जानकारी नहीं है।
इधर, बुधवार को जंगल से दुर्गा का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. परिवार के लोगों ने राजा नट पर भी घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है. मृतक की मौसी रूबी देवी ने बताया कि शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पहले दुर्गा के शरीर को तेजाब से जलाया गया और उसके बाद उसकी हत्या की गयी. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या के कारणों या तेजाब से जलाये जाने की पुष्टि नहीं की है।
नौबतपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्गा कुमार के अपहरण का मामला दो दिन पहले दर्ज कराया गया था. बुधवार को एम्स के नजदीक जंगल से उसका शव बरामद हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है।
