फुलवारीशरीफ, अजीत। नेपाल और बिहार में आई प्रलयंकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भाकपा माले की ओर से फुलवारी शरीफ में बाढ़ राहत कोष संग्रह अभियान चलाया गया. भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरदेव दास के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फुलवारी शरीफ के आम नागरिकों और दुकानदारों से राहत कोष के लिए सहयोग राशि संग्रह की. इस दौरान साधु सरन प्रसाद, देवी लाल पासवान, सरीफा मांझी और भोला चौधरी मौजूद रहे।
भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरदेव दास ने बताया कि नेपाल और बिहार में आई प्रलयंकारी बाढ़ ने बड़ी संख्या में लोगों का सबकुछ तबाह और बर्बाद कर दिया है. इस आपदा के संकट के दौर में भाकपा माले प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद के लिए लोगों से सहयोग की अपील कर रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से राहत कोष संग्रह के साथ बाढ़ पीड़ितों की मदद का संकल्प लिया गया है।
गुरदेव दास ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी निदान और प्रभावित लोगों तक उचित राहत पहुंचाने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत के नाम पर पुरानी सूची के आधार पर राहत वितरण में अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि पुनपुन में जांच के दौरान बड़े पैमाने पर सूची में फर्जी नाम शामिल होने की शिकायत सामने आई है. फुलवारी शरीफ में भी राहत सूची को लेकर इसी तरह की स्थिति होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक बाढ़ पीड़ितों के नाम बहुत कम हैं, जबकि सूची में कथित तौर पर फर्जी नाम शामिल किए गए हैं. उन्होंने पूरे मामले में जांच कर वास्तविक प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने की मांग की।
