जमुई, अंजुम आलम : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान होते ही जमुई सहित पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होते ही जिला प्रशासन एलर्ट हो गई है। सोमवार की शाम 6:00 बजे से एसडीओ सौरभ कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन व नगर परिषद की टीम द्वारा विभिन्न राजनीतिक दलों के बैनर/पोस्टर हटाने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एडीपीओ सतीष सुमन, बीडीओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने कचहरी चौक, समहरनालय रोड, बस स्टैंड, महिसौड़ी चौक, बोधवन तालाब सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों से राजनीतिक पोस्टर, बैनर, झंडे और दीवारों पर लिखे नारों को हटाया गया। जेसीबी मशीन की मदद से बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी उखाड़े गए।
इस अवसर पर एसडीओ सौरभ कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा, “सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी पार्टी का झंडा, बैनर या प्रचार सामग्री रखना अब नियम के विरुद्ध है। हम लोग पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत कार्य कर रहा है और आचार संहिता के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।
आपको बता दें कि जमुई जिले में दूसरे चरण में 11 नवंबर 2025 को मतदान होगा, जहां चार विधानसभा सीटों—जमुई, चकाई, सिकंदरा और झाझा—पर कुल 12 लाख 67 हजार 825 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
