जदयू अनोखी पार्टी जो मटन, चावल और शराब सार्वजनिक रूप से बांट रही : सम्राट चौधरी

पटना(न्यूज क्राइम 24): बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सोमवार को जदयू के मुंगेर में मटन, चावल की पार्टी दिए जाने पर जोरदार सियासी हमला बोलते हुए कहा कि जदयू एक अनोखी पार्टी है जो चावल, मटन और शराब सार्वजनिक रूप से बांट रही है।

उन्होंने कहा कि इससे बड़ी लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली क्या बात होगी कि वोट के लिए कोई पार्टी इतने निचले स्तर पर पहुंच जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में आम लोगों की समस्या सुनी। उसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज तक कोई पार्टी ऐसी नहीं होगी, जो मटन, चावल और शराब पीने की व्यवस्था सार्वजनिक तौर पर की हो।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ऐसी व्यवस्था की गई।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में श्री चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का पीएम बनने का सपना टूट गया। कांग्रेस अपनी नीतियों में सफल हो गई और इसके साथ ही नीतीश कुमार के पीएम बनने का सपना भी टूट गया।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के हनुमंत कथा में भाजपा के नेताओं के जाने से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि धार्मिक आजादी सबको है। जिन्हे सनातन धर्म पर विश्वास है, वे लोग जाएंगे ही।

उन्होंने कहा कि जो लोग लाठी डंडे के साथ विरोध कर रहे थे, वे तुष्टिकरण के कारण कर रहे थे। सभी को प्रवचन देने और तकरीर करने का अधिकार है।

Advertisements

उन्होंने कहा बिहार में गुरुगोविंद सिंह की 350 वें जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया था, हमलोगो ने उसकी भी चिंता की थी। भगवान बुद्ध से जुड़े आयोजनों की भी हम चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि जो सनातन को नहीं मानता वे हनुमंत कथा में नहीं जाए।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के कथा में जाने से संबंधित प्रश्न पर श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री को जाना ही चाहिए। जो बिहार आए उनका सम्मान होना ही चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि राजद ने जिस तरह से बागेश्वर बाबा का विरोध किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कथास्थल पर सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने कहा सरकार तुष्टिकरण में फंस गई है।

शराब खोजने वाला ड्रोन गायब होने और खोजने वालों को इनाम दिए जाने की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सीएम भी गायब हो जाएंगे तो उनकी भी खोज लाने की बात करेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 20 से 30 हत्याएं हो रही है। दुष्कर्म, डकैती, लूट हो रही है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश इसलिए आगे बढ़ रहा कि क्योंकि वहां कानून का राज स्थापित है, जबकि बिहार में कानून व्यवस्था की हालत बदतर होती जा रही।

Related posts

तीन दिवसीय बिहार फोटो वीडियो एक्सपो के पहले दिन ‘जीरो बजट फ़िल्म मेकिंग’ पर ख़ास चर्चा

भारतीय लोकहित पार्टी ने मुख्यमंत्री से की मांग

जमीन कब्जा को लेकर सेवानिवृत दरोगा ने आंख में झाेंक दिया मिर्चा पाउडर, जाने लगी आंख की रोशनी